ऑटो की चपेट में आई बाइक, युवक की मौत, एक गंभीर
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सहला गांव के निकट सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बिहार के गुठनी थाना क्षेत्र के सोहगरा स्थित कुरमौली गांव निवासी संतोष यादव (26) पुत्र हरेंद्र कुमार व विनोद (35) पुत्र रामजी यादव शुक्रवार सुबह किसी काम के लिए सलेमपुर आए थे। दोनों घर लौट रहे थे। वे अभी कोतवाली थाना क्षेत्र के सहला गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ आए ऑटो की चपेट में उनकी बाइक आ गई। दोनों सड़क पर गिर पड़े। संतोष के सिर में गंभीर चोट आ गई। संतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विनोद पुत्र रामजी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दूसरी तरफ घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेश कुमार ने उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।