बरहज। नगर पालिका क्षेत्र के पुराना बरहज और नंदना पूर्वी वार्ड की बदहाल सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को जल्द संवारने की तैयारी है। दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत दोनों वार्डों में करीब 2.15 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड, नाली, स्लैब और स्ट्रीट लाइट का निर्माण कराया जाएगा।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुराना बरहज स्थित अयोध्या टॉकीज मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से खराब थी। बारिश में लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। वहीं नंदना पूर्वी में भी कई मार्गों के निर्माण की जरूरत थी। दोनों वार्डों के सभासद बलवंत सिंह और अभिषेक सिंह बिट्टू ने समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया था। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने शासन को प्रस्ताव भेजा था।
योजना के तहत नंदना पूर्वी में 49.30 लाख, 19.37 लाख और 11.68 लाख रुपये से तीन मार्गों का निर्माण होगा। वहीं, पुराना बरहज के वार्ड संख्या 23 में 44.83 लाख और 89.85 लाख रुपये की लागत से दो मार्गों पर सीसी रोड, नाली, स्लैब और ऑक्टागोनल पोल सहित स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।