लापता युवती की तलाश में भटनी पहुंची आजमगढ़ पुलिस
भटनी। लापता युवती की तलाश में आजमगढ़ से भटनी पहुंची पुलिस टीम के हाथ सुराग लगे हैं। पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम आरोपित के घर पहुंची और लापता युवती के बारे में जानकारी इकट्ठा की। हालांकि आरोपित घर पर नहीं था। जांच में दोनों की लोकेशन मुंबई में मिली है।
आजमगढ़ जिले की युवती बृहस्पतिवार की रात घर से लापता हो गई। युवती के परिवारीजनों ने पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई और भटनी थाना क्षेत्र के समौला के युवक पर अपहरण का आरोप लगाया। एसपी ने स्वाट व सर्विलांस टीम के नेतृत्व में टीम गठित कर दी थी। टीम ने युवती का लोकेशन पता लगाने के लिए उसका फेसबुक अकाउंट खंगालते हुए अकाउंट के आईपी एड्रेस की जांच की, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। बाद में रविवार को पुलिस टीम आरोपित युवक की तलाश में भटनी थाने पर पहुंची। यहां पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। हालांकि पुलिस टीम के युवक के घर छापा मारने पर आरोपित नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर मिली आरोपित के बहन से घंटों पूछताछ की और लापता युवती के बारे में जानकारी इकट्ठा की। एसओ गोपाल पांडेय ने बताया कि लापता युवती की तलाश में आजमगढ़ पुलिस थाने पर आई थी। स्थानीय पुलिस के साथ आरोपित के घर छापा मारा गया, लेकिन युवक और युवती नहीं मिले। पूछताछ में दोनों के मुंबई जाने की जानकारी मिली है।