संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का रविवार को सीडीओ प्रत्यूष पांडेय ने रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम के पूर्वी गेट से जागरूकता प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना कर किया।
सीडीओ ने कहा कि संचारी रोगों के खात्मे के लिए जन भागीदारी और जागरूकता जरूरी है। लोग के जागरूक होने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को पनपने से रोका जा सकता है।
सीएमओ डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि 5 से 31 अक्तूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार, फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी।
इसका विवरण निर्धारित प्रपत्र पर भरकर अधिकारी को उपलब्ध कराएंगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यक्षेत्र में परिवारों के सभी सदस्यों का आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा) सृजन भी अवश्य रूप से करेंगे और वह परिवार को आभा नंबर की उपयोगिता से अवगत कराएंगे।
इसमें नोडल अधिकारी डाॅ. हरेंद्र, डाॅ. आरपी यादव, डॉ. कार्तिक पांडेय, डॉ. अश्विनी पांडेय, डीएमओ सीपी मिश्रा, डीसीपीएम राजेश कुमार गुप्ता, सहयोगी संस्था सीफार के प्रतिनिधि, सीवीओ डाॅ. एके वैश्य, उपेंद्र तिवारी आदि माैजूद रहे।