पारिवारिक कलह में बेटे को गोद में लेकर महिला ने लगाई आग, पुलिस ने बचाई जान
भाटपार रानी। पारिवारिक कलह के चलते खामपार बाजार टोला की महिला रविवार की सुबह तीन वर्षीय बच्चे को गोद में लेकर कमरा बंद कर लिया और आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। एसओ विपिन मलिक और पुलिस कर्मियों ने छत के रास्ते घुस कर मां-बेटे को बचा लिया।
ग्राम खामपार के बाजार टोला निवासी विशाल चौहान विदेश रहता है। घर पर उसकी मां, भाई, बहन तथा विशाल चौहान की पत्नी लालसा देवी तीन वर्षीय पुत्र विक्की राज चौहान के साथ रहती है। पारिवारिक कलह के चलते रविवार को करीब नौ बजे लालसा देवी ने मकान बाहरी गेट और कमरे में ताला लगा कर चाबी अपने पास रख ली। उसने बेटे विक्की को गोद में बैठा लिया और पहले गैस सिलिंडर से आग लगाने का प्रयास किया लेकिन मन बदल गया और पुराने कपड़े जुटा कर आग लगा ली। घर से धुआं उठता देख कर उसके भाई गोरख ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसओ विपिन मलिक, दरोगा शिव चंद्र, सिपाही जितेंद्र, अनुष्का राय, प्रितू तिवारी पहुंची। लेकिन लोहे के गेट पर ताला बंद देख पुलिस ने बांस की सीढ़ी के सहारे मकान के अंदर घुस गए। पुलिस ने कमरे के पीछे का दरवाजा तोड़ महिला और बच्चे को बाहर निकाला तो महिला बेहोश थी। प्राइवेट उपचार के बाद होश में आने पर पुलिस उसे थाने लाई। ग्रामीणों ने कमरे की आग को बुझाया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि दोनों को बचा लिया गया है। महिला से पूछताछ की जा रही है। मामला पारिवारिक कलह का बताया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।