सलेमपुर। कोतवाली पुलिस ने तीन माह से फरार चल रहे पशु तस्कर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम पशु तस्करी से जुड़े एक मामले की विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था। पुलिस पहले ही इस मामले में शामिल तीन अन्य तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित जायसवाल निवासी रामपुर बुजुर्ग थाना बनकटा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गो-वध निवारण अधिनियम 1955 की धारा के तहत कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज है।
आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि जनपद में पशु तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है।