देसही देवरिया। आनंदनगर चौराहे पर रविवार की देर रात संदिग्ध हालात में एक गुमटी में आग लग गई। दुकानदार ने मौके पर पहुंचकर लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया, तब तक पूरी गुमटी जल चुकी थी। आग लगने से नकदी सहित करीब दो लाख रुपये के सामान जल गए।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव के जयराम चौहान ने इसी थाना क्षेत्र के आनंदनगर चौराहे पर लोहे की गुमटी में पान और जनरल स्टोर की दुकान खो रखी है। रविवार की देर रात संदिग्ध हालात में गुमटी में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने घर पर सो रहे दुकानदार को जानकारी दी। दुकानदार आनन-फानन पर दुकान पर पहुंचे।
जयराम ने बताया कि सोमवार को थोक व्यापारी को रुपये देना था, इसलिए 25 हजार रुपये नकद दुकान में रखे थे। इसके अलावा फ्रिज, कूलर, पंखा, कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट स्थित करीब दो लाख रुपये के सामान जल गए। करीब दो साल पहले इस दुकान में चोरी भी हुई थी। एसओ रामपुर कारखाना अश्विनी प्रधान ने बताया कि आग लगने की जानकारी होने पर रात को ही पुलिस मौके पर गई थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।