रुद्रपुर के शेर की शहादत पर फूटा गुस्सा, पाकिस्तान मुर्दाबाद के लगे नारे
रुद्रपुर। टड़वा गांव के अमर शहीद संतोष यादव की शहादत पर नौजवानों में गम और गुस्सा एक साथ दिख रहा है। रविवार को भारी संख्या में शहीद के घर पहुंचे युवकों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाया। आतंकवादी हमले में शहीद संतोष अमर रहें के नारे से टड़वा गांव गूंजने लगा।
भारत माता की जय का जयघोष कर रहे लोगों ने कहा कि उनके सीने में पाकिस्तान के खिलाफ शोला धधक रहा है। आतंकवादियों ने नामर्द होने का एक बार फिर उदाहरण पेश किया है। शहीद संतोष यादव रुद्रपुर के शेर थे। उन्होंने आखिरी सांस तक आतंकवादियों का डट कर मुकाबला किया। गोली लगने के बाद भी एक आतंकवादी को मौत के घाट उतार दिया। भारत माता का अमर सपूत मरते दम तक देश के लिए लड़ता रहा। उसकी शहादत का बदला लेने के लिए हर नौजवान संकल्पित है। पाकिस्तान के नापाक इरादे को रुद्रपुर के नौजवान कभी सफल नहीं होने देगें। यहां के नौजवान सेना में भर्ती होकर संतोष की शहादत का बदला लेते रहेगें। अमर शहीद के घर पर तिरंगा लेकर पहुुंचे नौजवानों की आंखों में शोला भड़क रहा था। उन्होंने शहीद के परिवार को हर सुविधा देने की सरकार से मांग की।
आज गांव आएगा शहीद का पार्थिव शरीर
रुद्रपुर। अमर शहीद संतोष यादव का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके गांव टड़वा आएगा। शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारी में प्रशासन जुटा है। एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि शहीद का पार्थिव शरीर हवाई जहाज से गोरखपुर पहुंच गया है। सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को दर्शनार्थ टड़वा गांव में उनके आवास पर रखा जाएगा। शहीद के पिता शेषनाथ ने शहीद की अंतिम यात्रा में सीएम योगी आदित्यनाथ को बुलाने की मांग की है।