देवरिया पकड़ी मार्ग पर सड़क जाम करते लोग, फोटो संवाद
पैकौली। स्कूल जाते समय सड़क पार कर रहे सात वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने छात्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव निवासी घनश्याम राजभर का सात वर्षीय बेटा सिद्धार्थ राजभर हरैया स्थित एक निजी विद्यालय में यूकेजी का छात्र था। सोमवार की सुबह वह घर से विद्यालय के लिए निकला। वह विद्यालय के समीप करीब नौ बजे देवरिया-पकड़ी मार्ग को पार कर रहा था, इसी बीच देवरिया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार उसे रौंदते हुए भाग निकली। लोगों ने तुरंत सिद्धार्थ को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सुरौली पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र के पिता घनश्याम राजभर और माता सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सिद्धार्थ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन दो वर्ष की है। थानाध्यक्ष सुरौली ने बताया कि सड़क हादसे में छात्र की मौत हुई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गाड़ी छोड़कर भागा चालक : हादसे के बाद भाग रही कार के ऊपर लोगों ने ईंट चला कर रोकने का प्रयास किया। कार जब नहीं रुकी तो लोगों ने पीछा किया। कार चालक सिसवा पांडेय गांव तक पहुंच गया और कार छोड़कर फरार हो गया।