लार। घर जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर मनबढ़ों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर प्रधान सहित पांच के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद छोड़ दिया। लार थाना क्षेत्र के ठाकुर गौरी गांव निवासी संतोष कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात में वह अपने पुराने घर से नए घर की ओर जा रहे थे।
अभी मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे कि तभी पहले से वहां मौजूद युवकों ने जाने से मारने की नीयत से लोहे की रॉड व लाठी-डंडे से सिर पर प्रहार कर दिया। इससे संतोष वहीं घायल हो कर गिर पड़े। चीख-पुकार की आवाज सुन दौड़े ग्रामीणों ने संतोष को सीएचसी लार पहुंचाया।
मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान अवधेश राजभर उनके परिवार के पंकज राजभर, विक्की राजभर, दिवाकर राजभर, किशन राजभर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में पता चला है कि आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। पिटाई से घायल संतोष की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
उसका इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान सहित पांच पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान पता चला है कि घटना के दौरान प्रधान नहीं थे। इसी के आधार पर उन्हें छोड़ दिया गया है।
सीओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान को क्यों छोड़ा गया है, इसकी जांच कराई जाएगी। किसी भी हाल में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।