देसही देवरिया। जिला ग्राम्य विकास संस्थान (राजकीय प्रशिक्षण संस्थान) पर दो जिलों के प्रशिक्षार्थियों का प्रशिक्षण होता है। प्रशिक्षणार्थियों की सुविधाओं के लिए संस्थान की ओर से 80 बेड का आवासीय छात्रावास और प्रशिक्षण सभागार बनाने के लिए बड़ी परियोजना शासन को भेजी गई थी। इस परियोजना के संबंध में अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से जिले से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी ने सीडीओ को इसकी विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी है। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद जनपद के इस प्रशिक्षण संस्थान में आवासीय छात्रावास एवं प्रशिक्षण सभागार बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। इससे प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण में काफी सहूलियत होगी।
देसही देवरिया स्थित जिला ग्राम्य विकास संस्थान (राजकीय प्रशिक्षण संस्थान) में सरकार की योजनाओं को गांवों तक ठीक ढंग से पहुंचाने और जरूरतमंदों को समय रहते लाभान्वित कराने के लिए देवरिया और कुशीनगर के सरकारी कर्मचारियों/कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षणार्थियों की संख्या अधिक होने और संसाधन की कमी होने से प्रशिक्षण कार्यों को ठीक ढंग से सम्पन्न करा पाने में अड़चनें आ रही थीं।
इन्हें दूर करने के लिए जिला प्रशिक्षण अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण के दौरान रहने के लिए 80 बेड का आवासीय छात्रावास और 100 व्यक्तियों के एक साथ बैठकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षण हाल की बड़ी परियोजना बनाकर जिले के संबंधित उच्च अधिकारियों के माध्यम से शासन को भेजा था।
शासन ने इसका संज्ञान लिया। अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने सीडीओ को पत्र भेजकर सरकार की तरफ से जारी की गई नई गाइडलाइन के तहत परियोजना से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
सीडीओ के निर्देश पर अरुण कुमार पांडेय ने जारी शासनादेश से जुड़ी अपनी पत्रावलियां व विस्तृत रिपोर्ट बनाकर सीडीओ सहित जिला अल्पसंख्यक कार्यालय को सौंप दी है। स्वीकृति मिलने के पूरे आसार हैं। इससे दोनों जिलों के प्रशिक्षणार्थियों को काफी सहूलियतें होंगी। साथ ही प्रशिक्षकों को भी आधुनिक तकनीक से प्रशिक्षण देने में सुविधा होगी।
-
देवरिया व कुशीनगर सहित दो जिलों के प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण होता है। प्रशिक्षणार्थियों की सुविधाओं के लिए 80 बेड का आवासीय छात्रावास और 100 प्रशिक्षण हाल बनाए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को काफी सुविधा मिलेगीप्राप्त हो सकेगी।
-अरुण कुमार पांडेय, जिला प्रशिक्षण अधिकारी, देसही देवरिया