गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित मेले में राज्यमंत्री के पुत्र पर बीडीओ और कर्मचारियों को दौड़ाकर पीटने का आरोप
देवरिया। गौरीबाजार ब्लॉक परिसर में शनिवार को गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित मेले में बैनर पर ब्लॉक प्रमुख अनीता निषाद की तस्वीर नहीं लगी होने से उनके पति एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के पुत्र विश्वविजय निषाद नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने समर्थकों के साथ मंच पर चढ़कर प्रभारी बीडीओ व डीआरडीए के पीडी संजय पांडेय की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए एडीओ एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी पीटने का आरोप है। कुर्सियों को तोड़ दीं और बैनर फाड़ कर फेंक दिया गया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। मेले में आए किसान, ग्राम प्रधान एवं महिलाएं घर चली गईं। सूचना पर सीडीओ, एएसपी, एसडीएम, सीओ रुद्रपुर ने घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, डीएम आशुतोष निरंजन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ को जांच सौंप दी है। राज्यमंत्री के पुत्र ने आरोपों को गलत बताया।
गौरीबाजार ब्लॉक परिसर में गरीब कल्याण दिवस पर मेला लगा था। मंच पर लगे बैनर पर विधायक सदर डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी की तस्वीर लगी थी, लेकिन ब्लॉक प्रमुख अनीता निषाद की तस्वीर नहीं थीं। इसी दौरान प्रदेश के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के पुत्र और ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि विश्वविजय निषाद समर्थकों सहित मेले में पहुंचे। अपनी ब्लॉक प्रमुख पत्नी अनीता निषाद की तस्वीर नहीं लगी देख वह भड़क गए और प्रभारी बीडीओ एवं डीआरडीए के पीडी संजय पांडेय से पूछताछ शुरू कर दी। दोनों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद और उनके समर्थकों ने पीडी की पिटाई शुरू कर दी। कुर्सियों को तोड़ दिया। बीच-बचाव करने आए ब्लॉक के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट में दस से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। प्रभारी बीडीओ संजय पांडेय ने ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि ब्लॉक प्रमुख के पति एवं उनके समर्थकों ने मेला नहीं होने दिया। मंच पर मुझे अपमानित करने के बाद और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई लोगों को चोटें आई हैं। उधर, ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद का कहना है कि पीडी संजय पांडेय ने भाजपा अनुसूचित मोर्चे के एक कार्यकर्ता को अपमानजनक शब्द कहा और कुर्सी चलाकर मारा। इससे कार्यकर्त्ता नाराज हो गए। समर्थकों की पिटाई की जानकारी होने पर वह पहुंचे। मेले में मारपीट की सूचना पर सीडीओ रवींद्र कुमार, डीडीओ श्रवण कुमार राय, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम सदर सौरभ सिंह, सीओ रुद्रपुर मय फोर्स मौके पर पहुंच गए।
कोट:
मेले में मंच पर मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। खंड विकास अधिकारी एवं ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। -डॉ. आशुतोष निरंजन, डीएम