पथरदेवा विकास खंड के ओलीपट्टी माइनर की सफाई के बाद सड़क किनारे छोड़ा गया मलबा। स्रोत-संवाद
तरकुलवा। सिंचाई विभाग की ओर से इन दिनों छोटी-बड़ी सभी नहरों की साफ-सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। जिम्मेदारों ने पथरदेवा विकास खंड के बाबूपट्टी माइनर की सफाई के बाद मलबा सड़क पर छोड़ दिया है, जो राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है।
क्षेत्रीय लोगों ने विभाग के अधिकारियों से सड़क पर छोड़े गए मलबे को हटवाने की मांग की है। पथरदेवा और तरकुलवा विकास खंड में सिंचाई विभाग द्वारा जेसीबी मशीन से रजवाहे और माइनरों की सफाई कराई जा रही है।
नहर की सफाई के बाद निकलने वाले मलबे को सड़कों के किनारे छोड़ दिया गया है। इससे सड़क की एक पटरी पर झाड़-झंखाड़ और दूसरी पटरी नहरों की तलहटी से निकलने वाले मलबे के छोड़ देने के चलते सड़कें काफी सकरी हो गई हैं।
सबसे बुरी स्थिति ओलीपट्टी माइनर की है, क्योंकि इस नहर की पटरी वाली पिच सड़क पथरदेवा और तरकुलवा ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ती है। इस सड़क से भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क पर नहर की सफाई का मलबा छोड़ देने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
गंडक विभाग के अवर अभियंता रमेश चौरसिया ने बताया कि ठेकेदार को नहर सफाई के साथ ही मलबा हटाने का निर्देश दिया गया है। सड़क पर मलबा छोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।