सलेमपुर तहसील में धरने पर बैठे लेखपाल नारेबाजी करते हुए
सलेमपुर के साहोपार गांव में चकरोड की पैमाइश करने गई राजस्व विभाग की टीम पर हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आंदोलित लेखपालों ने चौथे दिन एसडीएम के आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया। अविलंब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुन: धरना चालू करने की चेतावनी लेखपालों ने दी।
लेखपाल चन्द्रभूषण पांडेय ने कहा कि राजस्व टीम अधिकारियों के निर्देश पर चकरोड की पैमाइश करने गई थी। लेकिन बेवजह कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए राजस्व टीम को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। इस मामले में पुलिस ने छह नामजद और दस अज्ञात लोगों पर केस तो दर्ज किया। लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार करने में रूचि नहीं दिखा रही है। पुलिस की इस असहयोग रवैए से क्षुब्ध होकर लेखपाल कार्य बहिष्कार कर तीन दिनों से धरना दे रहे हैं। मामला बढ़ता देख पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी उसका गांव से मनोज कुमार को शुक्रवार की रात गिरफ्तार किया।
चौथे दिन धरने पर बैठे लेखपालों के पास एसडीएम मायशंकर यादव पहुंचे और कार्य प्रभावित होने का हवाला देेते हुए धरना समाप्त करने की बात कही। लेकिन लेखपाल धरना समाप्त करने से इंकार करते हुए स्थगित कर दिया। इस दौरान संघ के प्रांतीय महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष नागेश तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, अवधेश दुबे, विंध्याचल मिश्र, नागेन्द्र शुक्ल, नवनाथ उपाध्याय, श्रीकांत यादव, भानु प्रताप यादव, ईश्वर चन्द्र, विपिन चन्द्र आदि मौजूद रहे।