प्रतापपुर चीनी मिल अध्याशी के खिलाफ केस
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया में किसानों के बकाए गन्ना मूल्य भुगतान में देरी करना प्रतापपुर चीनी मिल प्रबंधन को भारी पड़ गया। डीएम के आदेश पर चीनी मिल के अध्याशी के खिलाफ बनकटा थाने में केस दर्ज कराया गया।
प्रतापपुर चीनी मिल को किसानों के गन्ना मूल्य का 30.35 करोड़ रुपये देना था, लेकिन चीनी मिल ने 10.59 करोड़ रुपये ही भुगतान किया है। किसानों का अभी 19.76 करोड़ रुपये बकाया है। जबकि चीनी मिल ने 21 करोड़ से अधिक मूल्य की चीनी बेचा है। डीएम का टैंगिंग आदेश में स्पष्ट है कि चीनी बेचकर उससे प्राप्त धन का 85 फीसदी रकम बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के रूप में किया जाएगा। लेकिन चीनी मिल प्रबंधन ने आदेश का पालन नहीं किया। जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने 30 अप्रैल को मिल प्रबंधन और किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक में दो दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान का आदेश दिया था। ऐसा न होने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
डीएम और जिला गन्ना अधिकारी की ओर से दो-दो बार नोटिस जारी कर भुगतान के लिए कहा। मिल प्रबंधन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इससे नाराज डीएम अनिता श्रीवास्तव ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। इस बाबत जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम ने बताया कि गन्ना विकास समिति प्रतापपुर के सचिव हरेंद्र विश्वकर्मा की तहरीर पर बनकटा थाने में मिल के अध्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह यादव के खिलाफ 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है।