गुजरात से अगवा कर लाई किशोरी को ढूंढते पहुंचे परिजन, आरोपी के घर वालों ने मारने के लिए दौड़ाया
रामपुर कारखाना। पिता के साथ रह रही किशोरी को रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का शादीशुदा युवक गुजरात से लेकर घर चला आया। सोमवार को किशोरी के परिजन ढूंढते हुए गांव पहुंचे। युवक ने परिजनों ने लाठी-डंडा लेकर उन्हें दौड़ा लिया। शाम को परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव का व्यक्ति परिवार के साथ गुजरात में मजदूरी करता है। उसके साथ 16 वर्षीय बेटी भी रहती थी। थाना क्षेत्र के ही एक गांव का युवक गुजरात में ही डंपर चालक था। आरोप है कि एक महीने पहले वह बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले आया। किशोरी के पिता ने गुजरात के कांडली थाने में किशोरी के अपहरण की तहरीर दी। कुछ दिन इधर-उधर रहने के बाद युवक किशोरी के साथ एक दिन पहले रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव पहुंचा। जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजन सोमवार को आरोपी युवक के घर पहुंचे। आरोप है कि युवक अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडा लेकर किशोरी के परिजनों को मारने के लिए दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। देर शाम किशोरी के चाचा थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।