गोरखपुर- देवरिया मुख्य मार्ग पर गौरी बाजार चौराहे पर हुई हादसा
पिकअप बहराइच से परवल लेकर बिहार के मैरवा जा रही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार(देवरिया)। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप मंगलवार की सुबह अनियंत्रित होकर कस्बे के रामपुर चौराहे के समीप बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिकअप बहराइच से परवल लेकर बिहार के मैरवा जा रही थी। रामपुर चौराहे के समीप यह पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिस बैरिकेटिंग को तोड़ते हुए सड़क के किनारे खड़ी एक कार और टेंपो से टकरा कर बीच सड़क पर पलट गई। पिकअप की चपेट में आने से सड़क के किनारे सवारियों के आने का इंतजार कर रहे टेंपो चालक विजय पासवान(35) निवासी ग्राम दमर भिसवां, रामदेव (55) निवासी वार्ड नंबर तीन कस्बा गौरी बाजार और पिकअप चालक चंद्रशेखर (25) निवासी खड़िया बहराइच घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया। जहां रामदेव की हालत गंभीर देख कर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। दोपहर में इलाज के दौरान रामदेव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह खबर जब उनके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।