आज से प्रतिदिन संचालित होंगे आंगनबाड़ी केंद्र
कोविड प्रोटोकाल का करना होगा पालन, प्रशिक्षित की गईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना काल के चलते सप्ताह में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को संचालित होते आ रहे आंगनबाड़ी केंद्र बृहस्पतिवार से रोजाना संचालित होंगे। इसमें कोविड प्रोटोकाल का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।
यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय ने बुधवार को विकास भवन के गांधी सभागार में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी। उन्होंने बताया कि मेरी ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। केंद्र बंद मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण में मंडल को-ऑडिनेटर यूनीसेफ सुरेश तिवारी, अपर सांख्यकीय अधिकारी अवधेश सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सुपरवाइजर को प्रोजेक्टर के माध्यम से पोषण ट्रैकर एप की समस्त जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय ने कहा कि पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग किया जाना समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अनिवार्य है। फीडिंग के पश्चात ही उन्हें अतिरिक्त प्रोत्साहन मानदेय का प्रावधान किया गया है। समस्त मुख्य सेविकाएं व चिह्नित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने संबंधित परियोजना की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करें। पोषण ट्रैकर एप पर कुल 12 प्रकार की रिपोर्ट फीड की जाएगी। इसमें केंद्र संचालन, आधारभूत सुविधा, कार्यकर्ता का विवरण, ग्रोथ मानीटरिंग, पूरक पोषाहार, अतिरिक्त पोषाहार व वजन की रिपोर्ट शामिल है। इस दौरान गोपाल सिंह, विश्वदीपक पांडेय, ऋचा पांडेय आदि मौजूद रहीं।