चनुकी। लार कस्बा के एक इंस्टीट्यूट में रविवार की सुबह अंदर घुसकर एक युवक ने तोड़फोड़ की। युवक द्वारा की गई तोड़फोड़ सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। सुबह टहलने निकले मालिक मेन फाटक खुला देख अंदर पहुंचे तो सारा सामान टूटा था। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो तोड़फोड़ करने वाले युवक की पहचान हो गई। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
लार कस्बा पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर स्थित सेंट्रल बैंक के पास एक इंस्टीट्यूट में घुसकर एक युवक ने तोड़फोड़ की। युवक तीन मंजिला छत पर चढ़ गया और कैंपस में लगे बैनर, पोस्टर आदि सारा सामान तोड़ दिया। साथ ही कैंपस में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़कर फेंक दिया। युवक द्वारा की जा रही तोड़फोड़ सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। सुबह पांच बजे इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर अनिल शर्मा टहलते हुए उधर गए तो देखा कि मेन गेट का ताला खुला है। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। लार कस्बा चौकी प्रभारी कमलेश कुमार यादव ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। वहीं इंस्टीट्यूट के मालिक अनिल शर्मा ने बताया कि युवक ने काफी नुकसान कर दिया है।