संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के एसबीआई की राघवनगर शाखा में शुक्रवार को 90 हजार रुपये निकालकर पासबुक प्रिंट करा रहे भुजौली कॉलोनी के एक शख्स के झोले को काटकर दो टप्पेबाज महिलाओं ने रुपये निकाल लिए।
बैंक में माैजूद कुछ लोेगों की नजर महिलाओं पर पड़ गई। उन्होंने एक महिला को पकड़ लिया, जबकि भीड़ का फायदा उठाकर उसकी साथी भाग गई। इससे बैंक में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भुजौली कॉलोनी निवासी एक शख्स शुक्रवार की दोपहर एसबीआई की राघवनगर शाखा में पहुंचे। उन्होंने बैंक से 90 हजार रुपये निकाले और रकम को झोले में रखकर पासबुक प्रिंट कराने लगे। इसी बीच दो महिलाओं में से एक ने झोला काटकर रुपये निकाल लिए। आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई और महिला को रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
मौके पर हंगामा बढ़ते देख बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भीड़ से आरोपी महिला को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला अपनी पहचान को लेकर पुलिस को गुमराह करती रही।
वह मध्यप्रदेश के जबलपुर और कभी सतना की निवासी बताती रही। फिलहाल पुलिस उसकी सही पहचान की तस्दीक करने में जुटी है।
वहीं, पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देने से साफ इन्कार कर दिया है। उसने पुलिस से कहा कि रुपये सुरक्षित हैं और वह कानूनी कार्रवाई में नहीं पड़ना चाहता है।
इसके चलते पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में रखकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार शुरू किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, भागी महिला की तलाश की जा रही है। बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कोतवाल डीके सिंह ने कहा कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। दूसरी महिला की तलाश है। पीड़ित की तरफ से किसी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया गया है।