देवरिया। मनोकामनापूर्ण हनुमान मंदिर जमीन प्रकरण शुक्रवार को फिर सुर्खियों में रहा। प्रशासनिक आदेश पर सुबह से ही मंदिर परिसर पुलिस छावनी में तब्दील कर दी गई। राजस्व विभाग की दो टीमों ने चारों तरफ की जमीन का चिह्नांकन किया। पैमाइश की हर प्रक्रियादोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरी की गई।
सुबह छह बजे से ही एसडीएम श्रुति शर्मा के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों ने पैमाइश शुरू की। मौके पर एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी, सीओ बरहज अंशुमान श्रीवास्तव, सीओ भाटपार आदित्य कुमार और कोतवाल डीके सिंह फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए महिला-पुरुष बल की तैनाती मंदिर के मुख्य द्वार से गलियों तक की गई।
मंदिर की पैमाइश के दौरान हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोगों की आवाजाही भी पुलिस निगरानी में होती रही। भीड़ जुटने लगी तो पुलिस ने उसे काबू में रखा। अफसरों की रणनीति थी कि हर स्थिति में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखा जाए।