तरकुलवा। पटनवा पुल से छोटी गंडक नदी में कूदने जा रही एक महिला को पुलिस ने बचा लिया। पुलिस महिला को थाने ले गई। पूछताछ के बाद परिवार वालों को बुलाकर उसे सौंप दिया।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 45 वर्षीय महिला का शुक्रवार को जेवर को लेकर ससुर से विवाद हो गया। इसके बाद महिला नाराज होकर किसी वाहन से पटनवा पुल पहुंच गई। वह पुल पर नदी में छलांग लगाने के लिए टहल रही थी, तभी कुछ लोगों की निगाह उस पर पड़ गई। लोगों ने उसकी मंशा को भांप लिया औरउससे पूछताछ करने लगे।
इसी बीच गश्त से लौट रहे हल्का दरोगा सुरेंद्र सिंह भीड़ देखकर रुक गए। उन्होंने भीड़ इकट्ठा होने का कारण पूछा और मामला समझ लिया। एसआई महिला को थाने ले लाए। उसके परिवार वालों को सूचना देकर थाने बुलाया और समझा-बुझाकर उसे पति के साथ घर भेज दिया।