बिहार के नौतन थाने में बुधवार की रात लोगों ने पकड़ा पशुओं से लदा ट्रक। सोशल मीडिया
- फोटो : सिविल लाइन बस अड्डा परिसर में खड़ी बसें
रामपुर बुजुर्ग/बनकटा (देवरिया)। बॉर्डर पर सख्ती के दावों के बीच 22 गोवंशों से लदा एक ट्रक देवरिया जिले की सीमा के नजदीक बुधवार की रात में बिहार प्रांत में पकड़ा गया। ग्रामीणों ने ट्रक रोककर नौतन थाने की पुलिस को मामले की जानकारी दी।
बिहार पुलिस ने गोवंशों को सीवान के गोशाला में भेज दिया। तस्कर ट्रक छोड़कर भाग निकले। बिहार के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर कस्बे से होते हुए पशु तस्कर बिहार राज्य में प्रवेश कर रहे हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने एक ट्रक को संदिग्ध बताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। नौतन पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और लोगों की मदद से ट्रक को रोक लिया। इस दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
ट्रक की तलाशी ली गई तो उस पर 22 गोवंश लदे थे। इन पशुओं को सीवान स्थित गौशाला में भेज दिया गया है। नौतन के थानाध्यक्ष शशि रंजन ने बताया कि पकड़ा गया ट्रक यूपी की ओर से बिहार में आया था। मामला दर्ज कर आगे की छानबीन जारी है।