भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र माधो छपरा के अस्पताल में एक दिसंबर को एक प्रसूता की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
इसके पांच दिन पूर्व इसी अस्पताल के संचालक द्वारा परोहा में चलाए जा रहे अस्पताल को शिकायत के आधार पर सील कर दिया गया था लेकिन इन दोनों अस्पतालों की सील को संचालक डॉ. एमएम अंसारी ने तोड़ दिया और ओपीडी चलाने लगा। इसकी जानकारी होने पर भाटपाररानी पीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बृहस्पतिवार को खामपार थानाध्यक्ष को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीएचसी प्रभारी डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने तहरीर में कहा है कि अवैध अस्पताल अंसारी सेवा सदन माधोछपरा में एक दिसंबर 2025 को ऑपरेशन के दौरान हुए प्रसूता के मौत के मामले में थाना अध्यक्ष खामपार की मौजूदगी में एक दिसंबर की रात में सील कर दिया गया था। इसी तरह एमएम हॉस्पिटल परोहा को 5 दिन पूर्व शिकायत मिलने पर सील किया गया था।
दोनों अवैध अस्पताल का संचालन एमएम अंसारी कर रहा था। तीन दिसंबर को एसीएमओ डॉ. पीके सिन्हा के नेतृत्व में जब टीम पहुंची तो दोनों अस्पतालों का सील तोड़कर ओपीडी चलाई जा रही थी।
उन्होंने सील तोड़कर साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ अथवा साक्ष्य छिपाने की कोशिश का आरोप संचालक पर लगाते हुए बिना अनुमति के सील तोड़े जाने एवं बिना किसी पंजीकरण व अर्ह योग्यता के अस्पताल चलाए जाने के खिलाफ भारतीय दंड संहिता एवं इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष प्रदीप अस्थाना ने बताया कि शिकायत मिली है। प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।