तरकुलवा। डीएम के निर्देश पर वक्फ विकास के तीन एक्सईएन, एक सहायक अभियंता, चार अवर अभियंता व सूर्यांश एसोसिएशन फर्म के प्रोपराइटर समेत 10 लोगों पर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न करने, अनावश्यक विलंब और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तरकुलवा पुलिस ने यह कार्रवाई जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य की तहरीर पर की है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम को एक्सईएन अंसार हुसैन, गुलनवाज अंसारी, रिजवान खान, अवर अभियंता राहुल मोदनवाल, खुर्शीद आलम, विमलेश सिंह, प्रज्ञांशु राज, सहायक अभियंता रियाजुद्दीन शरीक, सूर्यांश एसोसिएशन फर्म के प्रोपराइटर भानू प्रकाश मिश्र व एक अन्य व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
जिले के पथरदेवा विकास खंड अंतर्गत निर्माणाधीन राजकीय आईटीआई बंजरिया का निर्माण कार्य 31 जुलाई तक पूर्ण होना था। आरोप है कि विभागीय स्तर से कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को लगातार निर्देश एवं पत्राचार किए जाने तथा उच्च अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण व समीक्षा के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
इसको लेकर डीएम, सीडीओ, उप निदेशक गोरखपुर व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा समय-समय पर कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को परियोजना को निर्धारित समय में कार्य पूर्ण किए जाने के लिए निर्देशित किया जाता रहा।
इसके बावजूद कार्यदायी संस्था के संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई। इसका नतीजा रहा कि 31 जुलाई तक कार्य पूर्ण नहीं हुआ।