भटनी जलपा माता मंदिर से नूरीगंज बाजार के लिए बाईपास प्रस्तावित रूट। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
भटनी। नगर के जलपा माता मंदिर से नूरीगंज बाजार तक नई सड़क (बाईपास) के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह प्रस्तावित सड़क छोटी गंडक नदी के किनारे बनेगी, जिससे नगर और क्षेत्र को एक नया बाईपास मार्ग मिलेगा और नगर में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। भटनी नगर उत्तर में छोटी गंडक और दक्षिण दिशा में गोरखपुर-छपरा व वाराणसी रेल खंड के बीच बसा है। नगर के लोगों को जिला व अन्य जगहों से जोड़ने को बाईपास सड़क, मुख्य बाजार और नूरीगंज बाजार में रेलवे क्राॅसिंग बनाया गया है। नगर में सकरा रास्ता होने के चलते क्षेत्र के लोग बाईपास सड़क स्थित रेलवे क्राॅसिंग देवरिया, सलेमपुर समेत अन्य जगहों को जाते हैं।
इन दिनों बाईपास सड़क स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे नगर में जाम की समस्या हो रही है। उधर नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने को एक और बाईपास सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया है।
प्रस्ताव की जानकारी सामने आते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि यह सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि भटनी नगर के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। नई बाईपास सड़क के निर्माण से बाजार के अंदर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा। इससे बाजार क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और यात्रियों के समय की भी बचत होगी।
साथ ही छोटी गंडक के किनारे बनने वाला यह मार्ग भविष्य में नगर के विस्तार और सुंदरीकरण में भी सहायक साबित हो सकता है। विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने बताया कि नगर में जाम की समस्या से निजात और बिना रेलवे क्रासिंग पार किये रेलवे स्टेशन और नूरीगंज बाजार जाने के लिए इस नई सड़क को बनाने का प्रयास किया जा रहा है।