देवरिया। बिजली कटौती से आजिज उपभोक्ताआें का धैर्य गुरुवार को जवाब दे गया। ओवरब्रिज, रामनाथ देवरिया चौराहा सीसी रोड और कोआपरेटिव चौराहे पर जाम लगाकर उपभोेक्ताओं ने अपने गुस्से का इजहार किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने एक घंटे में बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।
रामलीला मैदान से मालवीय रोड, स्टेशन रोड, अबूबकरनगर, नगर पालिका, सीसी रोड, गोरखपुर रोड आदि जगहों पर बुधवार की रात दस बजे से बिजली आपूर्ति बंद कर गई। आज दोपहर तक जब बिजली नहीं आई तो व्यापारी, हियुवा कार्यकर्ताओं ने शाम चार बजे गोरखपुर ओवरब्रिज पहुंचकर जाम लगा दिया। जाम की जानकारी मिलते ही सदर विधायक जन्मेजय सिंह ,एसडीएम सदर, सीओ सदर, सदर कोतवाल और एक्सईएन ने एक घंटे में आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुला। जाम लगाने वालों में अमित मोदनवाल, राजन, विकास, श्रीराम, डिम्पल श्रीवास्तव, जीतेंद्र वर्मा, पप्पू आदि प्रमुख रहे। इसके कुछ ही देर बाद रामनाथ देवरिया चौराहे पर अनवर अंसारी, अख्तर, बृजेश, शैलेष तिवारी, छोटे, दुर्गेश मिश्र, टिंकू आदि के नेतृत्व में उपभोक्ताआें ने सीसी रोड में जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मचारियाें ने खराबी ठीक कर विद्युत आपूर्ति शुुरु करने की बात कहा। इस पर आधा घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। वहीं आश्वासन के बाद भी जब 7:30 बजे तक आपूर्ति नहीं शुरू हुई तो उपभोक्ताओं ने कोआपरेटिव चौराहे पर जाम लगा दिया। उपभोक्ताओं का कहना था कि आए दिन इस तरह की समस्या हो रही है। उपभोक्ताआें को बिजली का इंतजार करना पड़ रहा है। जाम लगाने वालों में अवधेश वर्मा, अक्षय, जनार्दन, पप्पू पांडेय, भरत मद्धेशिया आदि प्रमुख रहे। अधिशासी अभियंता एके सिंह का कहना है कि बार-बार तार टूटने से समस्या उत्पन्न हो रही है। खराबी को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।