देवरिया। राजकीय इंटरमीडिएट कालेज में चल रहे 22वीं मंडलीय रैली के दूसरे दिन का शुभारंभ जिला सचिव माधव प्रसाद ने झंडारोहण कर किया। बच्चों ने विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन और जानकारी हासिल किया। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई। सहायक प्रादेशिक आयुक्त स्काउट गोरखपुर मंडल शिव शर्मा चौधरी के निर्देश में रैली प्रतियोगिता की शुुरुआत हुई।
सबसे पहले मीनार, प्राथमिक चिकित्सा और गांठ बंधन की प्रतियोगिता हुई। इसमें मीनार में सुरक्षा प्रदर्शन के प्रकार, प्राथमिक चिकित्सा में पट्टी के प्रकार, बांधने का तरीका और स्ट्रेचर आदि विषयों का मूल्यांकन किया गया। इसी प्रकार संकेत वार्ता के माध्यम से झंडी एवं हाथ के सहारे अपने संदेशों को भेजने की कला का प्रदर्शन हुआ। प्रथम पाली में हुई प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रमाकांत मिश्र, सुदामा प्रसाद, अशोक सिंह त्यागी, केशव तिवारी, एनपी सिंह, पृथ्वीराज सिंह, शशि श्रीवास्तव, उर्मिला श्रीवास्तव, इशरत सिद्दीकी, हरेंद्र कुशवाहा, हरिलाल प्रसाद, लीलावती यादव, अजय सिंह, नवीनचंद्र आदि शामिल रहे। सहायक प्रादेशिक आयुक्त शिव शर्मा चौधरी ने कहा कि अनुशासन एवं सेवाभाव के माध्यम से स्काउट समाज में अपनी छवि बनाता है। दोपहर बाद तंबू निर्माण, पुल निर्माण एवं गैजेट निर्माण और भोजन व हस्तकला की प्रतियोगिता हुई। गोरखपुर मंडल के चारों जनपदों को बारह संवर्गों में विभाजित किया गया था। इस अवसर पर रैली को संबोधित करते हुए जिला सचिव माधव प्रसाद सिंह ने कहा कि चारों जनपदाें से विभिन्न संवर्गों में कुल 727 स्काउट और गाइड तथा 85 स्काउट, गाइडर पदाधिकारी, काउंसलर एवं सर्विस स्काउट गाइड ने प्रतिभाग किया है। इसके बाद शाम को सभी टीमों को ग्रैंड कैंप फायर की तैयारी के लिए छोड़ दिया गया। इस अवसर पर मुख्य रुप से कैलाश चंद्र राय,धीरेंद्र पांडेय, जितेन्द्र पांडेय, अजीत तिवारी, हरिकेश शाही और रामअशीष यादव आदि लोग मौजूद रहे।