पति समेत आठ पर हत्या का मुकदमा दर्ज
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नूनखार रेलवे स्टेशन के पवटवा गांव के सामने रेलवे लाइन पर तीन दिन पहले मिले महिला के शव की शिनाख्त के बाद मां की तहरीर पर पति सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज हुुुआ है। बुधवार को पवटवा गांव घटनास्थल का एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने निरीक्षण किया। उन्होंने घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। जबकि पति फरार चल रहा है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिधुआ निवासी जाहिदा खातून (25) पुत्री स्व रशीद अंसारी की शादी पिछले वर्ष जून में बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़री मल्ल निवासी बारिश अंसारी के साथ हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात पत्नी के गायब होने की तहरीर बारिश अंसारी ने बरियारपुर थाने में दी थी। पुलिस गुमशुदगी का केस भी दर्ज की है। उधर, रविवार की सुबह साढ़े दस बजे नूनखार रेलवे स्टेशन के पवटवा गांव के सामने रेलवे लाइन पर मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त मंगलवार को जाहिदा खातून पत्नी बारिश अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतका का भाई अयूब अंसारी सोशल मीडिया से मिली जानकारी के बाद पहले थाने, फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच शव की शिनाख्त की थी। हालांकि मृतका का पति फरार चल है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर सिधुआ अपने गांव पहुंचे भाई ने पति की गिरफ्तारी होने के बाद शव दफनाने की बात कही। इसके बाद मामला और बढ़ता गया। मंगलवार की रात में बरियारपुर पुलिस ने पति समेत आठ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बुधवार सुबह से ही पवटवा गांव घटनास्थल पर पुलिस अधिकारी पहुंचने लगे थे। एएसपी राजेश कुमार सोनकर स्थानीय पुलिस के साथ दो बार घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की। दोपहर में पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉक्टर श्रीपति मिश्र भी घटना स्थल पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी सलेमपुर विनय कुमार यादव और एसओ नवीन चौधरी भी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार यादव ने बताया कि अबतक की जांच में यह बात सामने आई है कि पति, पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पति फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद हकीकत सामने आएगी।