छह से आठवीं तक खुले स्कूल, बारिश के चलते कम पहुंचे छात्र-छात्राएं
देवरिया। जिले के कक्षा छह से आठवीं तक की कक्षाओं के परिषदीय एवं प्राइवेट स्कूल मंगलवार से खुल गए। छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग एवं सैनिटाइजेशन के बाद कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। स्कूल प्रबंधकों व प्रधानाचार्य ने उत्साह से छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। हालांकि स्कूल जाने के ऐन वक्त रिमझिम बारिश और पीईटी परीक्षा होने से कई विद्यालय बंद होने के चलते छात्रों की संख्या काफी कम रही।
कोरोना की दूसरी लहर के चलते करीब छह माह बाद कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यालय शासन के आदेश के बाद मंगलवार से खोल दिए गए। बेसिक कार्यालय से जुड़े सरकारी जूनियर विद्यालयों में 737 स्कूल भी पूर्व की भांति छात्रों के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही जनपद स्तर पर संचालित 72 अनुदानित स्कूल भी खुले। स्कूल खोले जाने के आदेश से सबसे ज्यादा उत्साहित प्राइवेट स्कूल संचालक रहे। उन्होंने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आए छात्रों का उत्साहवर्धन किया। पहले दिन छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। स्वामी विवेकानंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय राघवनगर में कक्षा छह से आठवीं में 83 छात्रों का नामांकन हैं, प्रधानाध्यापक कालिंदी वर्मा ने बताया कि मंगलवार को 11 छात्र ही उपस्थित रहे। उधर, पीएन एकेडमी के प्रधानाचार्य सुधीर सिंह व कलिंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक वकील सिंह ने बताया कि छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन के बाद ही कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। जो छात्र अभिभावक की सहमति पत्र लेकर नहीं आए थे, उन्हें भी कक्षाओं में जाने दिया गया। हालांकि पहले दिन छात्रों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। जैसे-जैसे छात्र आएंगे तो अन्य का भय भी खत्म होगा और छात्रों की संख्या बढ़ेगी।
स्कूल आए छात्र भी रहे उत्साहित
स्वामी विवेकानंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आए छात्र शालू गुप्ता, अनंत तिवारी, सीतू गोंड़, संदीप प्रजापति, सनी प्रजापति, सूजा राजभर, रोहित गोंड आदि ने बताया कि बहुत दिन बाद स्कूल खुला तो आकर अच्छा लगा। घर में रहते-रहते अब बोरियत होने लगी थी। कोरोना के चलते सभी भय में थे। अब हर दिन स्कूल आएंगे और नियमित पढ़ाई भी करेंगे।
उत्साह से विद्यालय पहुंचे विद्यार्थी
भाटपाररानी। मंगलवार को क्षेत्र के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उत्साह से भरे कक्षा 6, 7 और 8 के 50% बच्चे जब विद्यालयों में पहुंचे तो उनके चेहरे खिल उठे। शिक्षक उन्हें कमरे में ले गए। मॉस्क व सैनिटाइज के साथ दो गज की दूरी के साथ पठन-पाठन आरंभ किया।
कंपोजिट विद्यालय रघुनाथपुर, नारायणपुर दुबे, नंदपुर, लाखोपार मिश्रौली, कल्याणी, धर्मपुर, बेलही, खामपार, बहोरवा, भठवा तिवारी, बेलपार सहित समस्त उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बारिश के बावजूद छात्रों की उपस्थिति संतोषजनक रही। छात्रों और अध्यापकों में काफी उत्साह देखने को मिला। बीईओ हरिओम तिवारी ने बताया कि पहले दिन उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों के 50% छात्रों को पठन-पाठन के लिए बुलाया गया तथा कोविड के नियमों के तहत अध्यापन का कार्य शुरू हो गया।