रुद्रपुर। लाला टोली वार्ड में एक सड़क खोदकर ठेकेदार छह माह से गायब है। सड़क की खुदाई कर छोड़ देने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका। जिसको लेकर लोगों में नाराजगी बनी है।
वार्ड के बस स्टेशन से पुराने मार्ग से सटे सतीश गुप्ता की मकान से मोहल्ले में जाने वाली सड़क का निर्माण कराने को छह माह पहले खुदाई शुरू हुई। जेसीबी लगाकर आरसीसी को तोड़ कर इंटरलॉकिग करने के लिए करीब 12 लाख रुपये का टेंडर हुआ था। सड़क की खुदाई करने के बाद कार्य रुक गया। सतीश गुप्ता ने कहा कि पुराने रास्ते की हालत फिलहाल ठीक थी, बावजूद इसके सड़क की खुदाई कराकर नए सिरे से बनाने की बात कही गई। ठेकेदार सड़क की खुदाई करा कर गायब चल रहा है। अब तक सड़क निर्माण के लिए एक ईंट भी नहीं रखी गई। सड़क की खुदाई कर छोड़ देने से बच्चों को अधिक परेशान होना पड़ रहा है। श्रीनाथ प्रजापति ने कहा कि दिन में तो मोहल्ले के लोग किसी तरह रास्ते से गुजर जाते है। रात में कई बार लोग घायल हो गए। खुदाई के बाद सड़क पर जलभराव होने लगा है। नगर पंचायत प्रशासन को कई बार सड़क निर्माण कराने की शिकायत की गई, पर अब तक कोई पहल नहीं की जा रही। नगर पंचायत प्रशासन मोहल्ले की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की। इस बाबत अधिशासी अधिकारी मुकेश चौधरी ने कहा कि ठेकेदार को नोटिस भेजा गया है। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़क निर्माण पूरा कराने का जल्द ही प्रयास किया जा रहा है।