रुद्रपुर। पुलिस अधीक्षक की पहल पर रुद्रपुर में एंटी रोमियो मुहिम तेज कर दी गई है। गुरुवार को पुलिस ने सतासी इंटर कॉलेज के पास मंडरा रहे छह युवकों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ महिला स्कूल में लगाई गई शिकायत पेटिका में शिकायत मिली थी। पकड़े गए युवक छात्र नहीं हैं।
महिला सुरक्षा मुहिम के तहत रुद्रपुर के सतासी इंटर कॉलेज में बालिकाओं के लिए शिकायती पेटिका लगाई गई है। पेटिका को पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा ने बुधवार को खुलवाया था। उसमें चार शिकायतें मिलीं थीं। पत्र में बालिकाओं ने विभिन्न स्थानों पर मनचलों के खड़े रहने की गोपनीय जानकारी दी थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने स्पेशल टीम को रुद्रपुर भेजा। प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सुबह से ही रुद्रपुर में डेरा डाल दिया। उन्होंने सतासी इंटर कॉलेज और आसपास से छह शोहदों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी युवक न तो स्कूल के छात्र हैं और न ही उनके घर का कोई बच्चा स्कूल में पढ़ता है। उनके अभिभावकों को कोतवाली बुलाया गया है। एसपी राजीव मल्होत्रा ने कहा कि बालिकाओं की हर शिकायत को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पत्र में अपना नाम लिखने की जरूरत नहीं है। सिर्फ शोहदों के मौजूदगी का स्थान लिखने पर ही पुलिस टीम वहां पहुंचेगी।