नगर पंचायत कर्मचारियों ने धरना दिया
अध्यक्ष को धमकी मिलने की घटना पर विरोध जताया
आरोपी पर गैंगेस्टर की कार्रवाई करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। नगर पंचायत अध्यक्ष को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में सोमवार को नगर पंचायत कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। कार्यालय के समक्ष धरना देकर आरोपी हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम को नौ सूत्री ज्ञापन सौंपते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। कहा कि अगर कोई अनहोनी हुई तो जिम्मेदार प्रशासन होगा।
शनिवार की रात नगर पंचायत अध्यक्ष संजय गुप्ता के आवास पर चढ़कर नगर के एक हिस्ट्रीशीटर ने जानमाल की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस ने अध्यक्ष की तहरीर पर आरोपी को शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया है। घटना के विरोध में सोमवार को नगर पंचायत कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में धरना दिया। कर्मचारियों ने कहा कि आए दिन कार्यालय के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की घटनाएं हो रही हैं। अब नगर पंचायत अध्यक्ष को धमकी मिलने के बाद कर्मचारी भयभीत हैं। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और कार्यालय के कर्मचारियों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। आरोपी के खिलाफ पुलिस गैंगेस्टर की कार्रवाई करे। धरने में रणवीर प्रताप सिंह, विक्रम प्रसाद, पवन राय, सुरेश यादव, रामनाथ, शंभू प्रसाद, विरजानंद यादव, नरेंद्र उपाध्याय, सुभाष, शिवशंकर, कन्हैया लाल, धर्मेंद्र, शंभू आदि मौजूद रहे।