प्रदेश सरकार ने तीन जिलों राजधानी लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्वीमिंग पूल, क्लब, डिस्को, जिम को 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस प्रकोप के नियंत्रण के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान यह निर्देश दिए हैं।
प्रदेश शासन ने इन सभी परिसर के मालिकों, संचालकों, प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से आदेश को लागू करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर आईपीसी की धारा 188 के अनुसार कार्रवाई होगी। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इसके निर्देश भी जारीकर दिए हैं।
19 देशों से लौटने वालों के लिए बना कोरेंटाइन सेंटर
चीन सहित 19 देशों से आने वाले देसी-विदेशी यात्रियों को रोकने के लिए राजधानी में कोरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। इनमें करीब 300 बेड आरक्षित किए गए हैं। इन यात्रियों को यहां 14 दिन तक रोका जाएगा। इसके बाद ही उन्हें रवाना किया जाएगा। हालांकि रविवार शाम तक इस सेंटर में किसी भी यात्री को रोका नहीं गया।
चीन के अलावा जिन देशों से आने वाले यात्रियों को राजधानी में रोका जाएगा, उनमें जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका, ताइवान, मलयेशिया, वियतनाम, फ्रांस, यूएई, कनाडा, इटली, ब्रिटेन, बेल्जियम, श्रीलंका, स्पेन, कंबोडिया, फिनलैंड शामिल है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सेंटर में मरीजों को रोकने से वायरस का फैलाव नहीं हो सकेगा। उसे नियंत्रित किया जा सकेगा। किसी मरीज में 14 दिन के अंदर कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो उसे तत्काल केजीएमयू या अन्य चिकित्सा सेंटर में भर्ती कराया जाएगा।
सफाई व दवा छिड़काव कराने का निर्देश, विशेष अभियान के लिए 3.82 करोड़ जारी
प्रदेश में कोरोना वायरस पर प्रभावी नियंत्रण व बचाव के लिए सभी नगर निकाय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने इसके लिए सभी नगर निकायों को विशेष अभियान चलाकर शहरी क्षेत्रों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई के व्यापक प्रबंधन करने के साथ ही नियमित सफाई व कीटनाशक दवाओं का निरंतर छिड़काव कराने को कहा है। सरकार ने इस विशेष अभियान के लिए 3.82 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं।