कांग्रेस हो या सपा-बसपा ये एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। कांग्रेस ने देश को तो सपा-बसपा ने उत्तर प्रदेश को लूटा। सिर्फ भाजपा है जिसने लोगों के विकास की फिक्र करती है। देश और फिर प्रदेश को बचाने के लिए पहले कांग्रेस, फिर सपा को सत्ता से बेदखल करना होगा।
कोठी मीना बाजार में विजय शंखनाद रैली में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इस आशय के विचार रखे। निर्धारित से करीब दो घंटा देर से पहुंचे राजनाथ सिंह ने लोगों से माफी तो मांगी लेकिन इसके लिए कांग्रेसनीत यूपीए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
जब राजनाथ सिंह मंच पर पहुंचे तब तक नरेंद्र मोदी अपना भाषण खत्म कर चुके थे। लोगों ने लौटना शुरू कर दिया था लेकिन मंच से हुई घोषणा से अधिकांश लोगों के कदम रुक गए।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की रीढ़ सरीखे ये दो नेता आगरा में ही जन्मे थे। इसलिए भाजपा का आगरा से गहरा भावनात्मक रिश्ता है। इसी रिश्ते के नाते उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के सपनों का भारत बनाने में हाथ बंटाने की जिम्मेदारी इस शहर की ज्यादा है। भाजपाध्यक्ष ने यूपी में किसानों को उपज का पूरा मूल्य न मिलने को दुखद बताया।
उन्होंने बताया कि भाजपा की सरकार हो तो ऐसा नहीं होगा। अपने मुख्यमंत्रित्व काल के हवाले से उन्होंने बताया कि तब बुवाई के साथ ही किसान की आमदनी तय हो जाती थी। जो फार्मूला निकाला गया था उसमें नुकसान होने पर भरपाई बीमा के जरिए कराना भी सुनिश्चित किया गया था।
भले मोदी ने अपने भाषण में इन दिनों गरमाए जासूसी प्रकरण पर कुछ नहीं कहा लेकिन राजनाथ सिंह ने अपरोक्ष रूप से इसके लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मोदी पर लगाए जा रहे आरोप उन चोटों की तरह साबित होंगे जो अनगढ़ पत्थर पर पड़ कर उसे मूर्ति का रूप दे देते हैं और वह पूजी जाती है।
प्रदेश की सपा सरकार पर भी उनके प्रहार गहरे थे। उन्होंने आतंकवाद के आरोपों में पकड़े गए लोगों को बिना मुकदमा चलाए छोड़ने पर सवाल उठाया। बोले, महिलाओं की अस्मिता सपाराज में सुरक्षित नहीं। ताजा हड़ताल के हवाले से कहा कि सरकारी कर्मचारी भी इस सरकार से खुश नहीं हैं।
‘आगरा आने में रोड़े अटकाए’
राजनाथ सिंह ने देर का ठीकरा केंद्र की सरकार पर फोड़ा। उन्होंने बताया कि उनके विमान को दिल्ली रनवे से उड़ने की इजाजत जानबूझ कर देर से दी गई ताकि वे रैली में न पहुंच सकें। इससे करीब एक घंटे पहले मंच से प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने यही बात कही थी। उन्होंने बताया कि भाजपाध्यक्ष का विमान दिल्ली में रनवे पर खड़ा है, लेकिन कांग्रेस के इशारे पर उसे उड़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे उन्हें यहां आने में विलंब हो रहा है।