जांच पड़ताल करती भरतकूप पुलिस टीम। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
भरतकूप (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात वाहन दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल है। उधर इस मामले में पुलिस को लोगों ने पत्थर खदान में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर से नीचे दबने से मौत होने की जानकारी दी। देर रात घटना की जानकारी पर जिला खनिज अधिकारी सनी कौशल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क हादसा होने की बात कही है।
भरतकूप पुलिस के अनुसार बदौसा निवासी नरेंद्र ने रात को सूचना दी कि बाइक से दो मजदूर सब्जी लेने भरतकूप कस्बे की ओर आ रहे थे। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के आर्यावत बैंक के सामने एक डंपर ने बाइक पर टक्कर मार दी। जिससे मध्य प्रदेश के जिला शहडोल के मुलहेरा के मस्जिद टोला निवासी रसूल अहमद (34) पुत्र हकीब बक्श व नीलू (22) पुत्र अज्ञात घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। थाना प्रभारी संजय उपाध्याय ने बताया कि रात में ही वह अस्पताल पहुंचे थे जहां रसूल की मौत हो चुकी थी और नीलू को प्रयागराज रेफर किया गया था। परिजनों के न पहुंचने पर पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। डंपर चालक भाग निकला है। घटनास्थल पर टूटी बाइक भी मिली है।
वहीं ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि भौंरा पहाड़ पर सोमवार की देर रात को पत्थर की खदान की घटना है। यह खदान सरकारी रिकार्ड में लगभग पांच माह से बंद है। जिसे पहले के पट्टेधारक का एक सहयोगी संचालित कर रहा था। रात को ब्लास्टिंग के दौरान हादसा हुआ है।