पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना अंतर्गत पथरामानी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगने से मौत हो गई। जिसको लेकर मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराली जनों ने हत्या कर इसे खुदकुशी का रूप दिया है।
शनिवार की दोपहर को रश्मी (21) पत्नी बजेंद्र मिश्रा का शव उसके ससुराल पथरामानी गांव में संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे में लटकता मिला। जानकारी होने पर उसके पिता परसेंटा सिंहपुर जिला बांदा निवासी रंजीत मिश्रा व परिवार के अन्य सदस्य पथरामानी गांव पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। बताया कि इसी वर्ष 17 मई को बेटी की शादी की थी। इसके बाद थाने में पति समेत ससुर व सास के खिलाफ तहरीर दिया है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।