चित्रकूट। कचहरी परिसर में बुधवार की दोपहर महिला ने जहर खा लिया। पार्क में महिला को बेहोश पड़ा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के पर्स से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि पापा मैं अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रही हूं।
भरतकूप थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव की आरती पटेल पत्नी रामसागर घरेलू हिंसा से संबधित मामले को लेकर बुधवार को कचहरी आई हुई थी। कचहरी परिसर में उसने जहर खा लिया। वह परिसर में ही बने पार्क के पास पहुंचकर बेहोश हो गई। इस पर वहां हड़कंप मच गया। इस पर पुलिस बल पहुंच गया, क्योंकि घटनास्थल के पास ही पेशी पर आए बंदियों का लाकप भी है। यूपी 112 पुलिस टीम ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके पर्स से सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें लिखा था पापा में मैं अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रही हूं। बेटी के जहर खाने की जानकारी मिलने पर पिता को लगी तो वह भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल महिला की हालत में सुधार हो रहा है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। महिला व उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक बताया गया कि पति से अक्सर उसका किसी बात को लेकर विवाद होता है। इसी के चलते वह कचहरी में मुकदमा दर्ज कराने भी आई थी।