फोटो-12- अजय कुमार - फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKOOT
मऊ (चित्रकूट)। हाईवे पर खोह के पास बस व बोलेरो की भिड़ंत में हुई मौतों के बाद चारों शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। ढांढस बंधाने वालों की भीड़ रही। मरने वालों में तीन मऊ क्षेत्र और एक रेहुंटिया गांव का था। गांव के बाहर ही इनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, अस्पताल से चार घायलों को स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया।
मंगलवार को मऊ थाना क्षेत्र के नीबी गांव निवासी अंतिम चौबे, जोरवारा गांव निवासी सत्यनारायण, मऊ कस्बा निवासी अजय कुमार और रेहुंटिया निवासी पप्पू के शव गांव पहुंचे तो परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती 16 घायलों में चार की हालत सामान्य होने पर उनके गांव भेजा गया है। अन्य का इलाज जारी है। कई घायलों ने समय से इलाज न करने का आरोप लगाया है। सीएमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने मंगलवार की दोपहर को वार्ड में जाकर घायलों का हाल जाना।
कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को प्राइवेट बस व बोलेरो की टक्कर में चार की मौत व 20 घायल हुए थे। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। बस व बोलेरो को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।