फोटो नंबर- 1- किसान नेताओं से बात करते राजापुर एसडीएम प्रमोद झा। संवाद
भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता पर हमले की निंदा
मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंकने और हमले के प्रयास के मामले में राजापुर तहसील इकाई ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर उच्चस्तरीय जांच कराने और राष्ट्रीय प्रवक्ता की सुरक्षा पुख्ता कराने की मांग की है।
मंगलवार को भाकियू के राजापुर तहसील अध्यक्ष राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में किसान नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि भाकियू नेता राकेश टिकैत और राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह 30 मई को कर्नाटक पहुंचे थे। सम्मेलन से पहले गांधी भवन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया था। इस दौरान कुछ अवांछनीय तत्वों ने राकेश टिकैत पर जानलेवा हमला कर दिया। काली स्याही फेंक दी। किसानों ने उनको पकड़ लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी हाथापाई की। मंडल उपाध्यक्ष उदयनारायण सिंह ने बताया कि वहां पर पुलिस की ओर से कोई सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए गए थे और हमले के बाद भी पुलिस मूकदर्शक बनी रही। आरोप लगाया कि किसान नेता पर हमला बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया है।
इस मौके पर जिला संरक्षक छोटे पीढिहा, तहसील अध्यक्ष विनय कुमार त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, छेदीलाल सिंह, बद्री विशाल त्रिपाठी ,रामेश्वरम सिंह, राममूरत नामदेव ,जयनारायण सिंह, चंद्रपाल सिंह, जब्बर सिंह व जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।