चित्रकूट। जनपद के ग्रामीण अंचलों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। दोपहर में धूप निकलने के बाद शाम होते-होते आसमान में फिर बादल छा गए और कई स्थानों पर रिमझिम बारिश हुई। बारिश से जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई।
ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मानसून सक्रिय होने के साथ ही किसानों ने खरीफ फसलों की बोआई शुरू कर दी है।
किसान रमेश यादव और सोहन लाल ने बताया कि बारिश होते ही उन्होंने ज्वार और बाजरा की बोआई शुरू कर दी है। किसान राजेश पटेल को इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
राजापुर संवाद के अनुसार क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पहाड़ी संवाद के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में भी यही हाल रहा। सड़क किनारे पानी भरने से राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई। शिवरामपुर संवाद के मुताबिक क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। यहां दो दिन पहले भी जोरदार बारिश हो चुकी थी।
कृषि विज्ञान केंद्र गनीवा के मौसम वैज्ञानिक मनोज शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।