शिवरामपुर/खोही(चित्रकूट)। लगातार दो दिन से बिजली की आवाजाही से बिहारा समेत आसपास के पांच पुरवा के ग्रामीण परेशान हैं। बुधवार की रात को अचानक हाई वोल्टेज से 24 घरों के कीमती बिजली के उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों के अनुसार लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना के बावजूद विद्युतकर्मियों ने काम नहीं किया।
सदर ब्लाक क्षेत्र के बिहारा, बरगदहापुरवा, अमरावापुरवा, बैरागीन बगीचा और कछियनपुरवा में लगातार दो दिन से बिजली की लुकाछिपी चल रही है। सुमनदेवी यादव, पुष्पा देवी ने बताया कि गांव में तार जुड़ने से फाल्ट हो रहे है। गांव के अशोक मिश्रा, नत्थूराम यादव व चुनकावन पांडेय आदि ने बताया कि बुधवार की रात को अचानक हाई वोल्टेज के साथ लाइट आई। इससे 24 घरों में फ्रिज, कूलर, टीवी समेत अन्य बिजली के उपकरण फुंक गए। कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी गई पर कोई नहीं आया। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता हाकिम सिंह ने बताया कि क्षेत्र का काम देखने वाले जेई व अन्य कर्मियों से जानकारी की जा रही है। (संवाद)