चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात साइड मांगने पर दो दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया गया है।
सरधुवा थाना क्षेत्र के चांदी बांगर निवासी मोहित सिंह ने बताया कि वह अपनी दादी की दवा व फल लेकर घर लौट रहा था। पटेल उत्सव भवन के पास पानी लेने गया था तो वहां पर खड़े दो लोगों से उसने साइड मांगी। शराब के नशे में धुत उन लोगों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। उन्होंने उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली और अपने सात अन्य साथियों को बुला लिया। सभी ने मोहित और उसके दोस्त अजेंद्र सिंह उर्फ भूपेंद्र सिंह पटेल पर चाकू से वार किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों में एक आरोपी का नाम आकाश सोनी है। कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।