चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इन लुटेरों ने ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट की कई वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।
कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से कंचन, प्रियांशु और राहुल को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने कई लूट की घटनाओं को कबूला। 24 जून की देर रात शंभू बाबा पेट्रोल पंप के पास ई-रिक्शा चालक बलराम द्विवेदी से लूट हुई थी। दो ई-रिक्शा सवार और एक स्कूटी सवार ने बलराम की पिटाई की। उन्होंने 2510 रुपये, मोबाइल, घड़ी और चश्मा लूट लिया था।
लुटेरों ने 18 जून को भी दो अन्य ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाया। सुनील कुमार से 1500 रुपये और कुछ सामान लूटा गया। चंद्रप्रकाश से 1250 रुपये नकद और चार बैटरी लूटी गईं। लुटेरों ने दोस्त को बाइक खरीदवाने के लिए यह रास्ता अपनाया था।