चित्रकूट/खोही। जिले की सीमा से सटे चौबेपुर गांव के पास घाटी पर श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार 19 लोग घायल हो गये। घायलों मेें तीन की हालत गंभीर होने पर जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य का प्राथमिक इलाज कर घर भेजा गया है।
चित्रकूट के पहाड़ी थाना अंतर्गत अशोह गांव निवासी उग्रसेन पुत्र कुन्नू वर्मा अपने पुत्र की मनौती के लिए पूजन, भंडारा कराने नयागांव मप्र थाना क्षेत्र के सेजवार बाबा आश्रम गया था। इसके लिए उसने गांव जगन्नाथ साहू का ट्रैक्टर किराये पर लिया था। उग्रसेन के परिवार व पड़ोस की सात महिलाओं समेत 24 लोग लोग ट्राली पर बैठकर मंदिर गये थे। मंगलवार की देर शाम को पूजन व भंडारे के बाद वापसी पर जैसे ही ट्रैक्टर चौबेपुर के पास घाटी पर पहुंचा तो चालक का संतुलन बिगड़ा और अनियंत्रित ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। जिससे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को ट्राली के नीचे से निकाला गया और जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें तीन की हालत गंभीर बनी है।