मानिकपुर (चित्रकूट)। पाठा क्षेत्र के मानिकपुर-सतना संपर्क मार्ग पर जड़ेरा नाला के पास रविवार को सड़क पर एक बाघ घूमता दिखा। इस दौरान रास्ते से निकल रहे कई व्यापारियों ने कार से इसका वीडियो भी बनाया। बाघ के जंगल में जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मानिकपुर क्षेत्र स्थित रानीपुर वन्य विहार के जंगल में अक्सर पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बाघ आ आते हैं। जोकि कभी-कभी सड़कों पर आ जाते हैं। ऐसा ही नजारा रविवार की देर शाम मानिकपुर से मारकुंडी होते हुए सतना मार्ग पर यात्रियों को देखने को मिला। मानिकपुर के व्यापारी विनय गुप्ता, राजू, राजकिशोर त्रिपाठी आदि ने बताया कि वह लोग सतना से खरीदारी कर लौट रहे थे। मानिकपुर से करीब चार किमी दूर जडे़रा नाला के पास एक बाघ रोड से गुजर रहा था। जिससे अपनी कार खड़ी कर दिया। कुछ देर बार बाघ जंगल की ओर निकल गया।
प्रभागीय वनाधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि रानीपुर वन्य जीव विहार सीमा से सटे एमपी के पन्ना रिजर्व टाईगर के पांच बाघों के आने की सूचना मिल चुकी है। इस तरह से जंगल के रास्ते बाध आते रहते हैं। फिलहाल सुरक्षा के लिए रात को वनकर्मियों की गश्त इस मार्ग के पास बढ़ाई गई है।