फिर ऊफनाई मंदाकिनी तो भरतघाट व रामघाट तक पहुंचा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार सुबह से लेकर दोपहर तक मंदाकिनी का वेग कम होने पर जलस्तर सामान्य था लेकिन शाम को मप्र व पहाड़ों में मूसलाधार बारिश होने से मंदाकिनी फिर उफान पर है। जिससे नदी किनारे बसे लोगों में फिर डरे हुए है। पुलिस प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण के लिए एक ट्रक पीएसी जवान रामघाट के आसपास तैनात कर दिए हैं। रामघाट में स्टीमर व नाव का संचालन किया जा रहा है।
रक्षाबंधन पर सुबह से नदी किनारे पूजन को पहुंची महिलाओं ने मंदाकिनी का शांत रूप देख राहत महसूस की और नदी में स्नान कर कजरी विसर्जन किया। रामघाट से लेकर गोयनका, भरत, प्रमोदवन व जानकी कुंड के किनारे के दुकानदार भी दुकानें फिर सजाने में जुटे थे।
नगर पालिका कर्वी और नगर पंचायत चित्रकूट के कर्मचारी घाटों की सफाई कर रहे थे लेकिन देर शाम को फिर जलस्तर बढ़ने लगा। यह देखते ही सभी कर्मचारी व दुकानदार ाग खड़े हुए। मंदाकिनी का जलस्तर फिर से खतरे के निशान के पास पहुंच गया है।
पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि एलर्ट जारी कर दिया गया है। नदी किनारे बसे दुकानदार व अन्य लोगाें को सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। तीर्थयात्रियों को नदी की ओर जाने से रोका गया है। इसके अलावा बाढ़ नियंत्रण की स्पेशल पीएसी टीम को रामघाट में स्टीमर व नाव के साथ तैनात कर दिया गया है।