बागे नदी में डूबे युवक की तलाश करते गोताखोर व नदी किनारे मौजूद पुलिस टीम के साथ ग्रामीण
- फोटो : CHITRAKUTT
पहाडी (चित्रकूट)। दोस्तों के साथ स्नान करने गया युवक नदी में डूब गया। इस पर उसके दोस्तों ने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। वह काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों व गोताखोर की मदद से युवक की तलाश कराई। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश नहीं हो सकी।
हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के ओहरा गांव निवासी अभिषेक (22) पुत्र रामपाल शनिवार सुबह पहाड़ी थाना क्षेत्र के ममसी गांव स्थित भाई की ससुराल आया था। दोपहर को अभिषेक ममसी गांव के ही दो दोस्तों के साथ बागेन नदी में नहाने गया था।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा। इस पर उसके दोस्तों ने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई और परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर अभिषेक के राठ निवासी परिजन भी ममसी गांव पहुंच गए हैं।
एसडीएम राहुल विश्वकर्मा, सीओ रामप्रकाश व थानाध्यक्ष श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों व ग्रामीणों को नदी में उतारकर युवक की तलाश कराई। काफी खोजबीन के बाद भी रात तक युवक का पता नहीं चल सका।