पुलिस गिरफ्त में 40 हजार रुपये का इनामी बदमाश मामा उर्फ राजबहादुर
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। आठ वर्षों से फरार चल रहे टाप-टेन इनामी अपराधी मामा को पुलिस ने शनिवार को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस पर 40 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत छह से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि कोतवाली प्रभारी जयशंकर सिंह के नेतृत्व में मारकुंडी व बहिलपुरवा थाने की संयुक्त टीम ने आठ वर्षों से फरार गैंगस्टर समेत पांच मामलों में वांछित 40 हजार रुपये के इनामी मामा उर्फ राजबहादुर पुत्र महिपाल तिवारी को तमंचे व दो कारतूस के साथ बघौडा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है।
उसके खिलाफ मऊ थाने में कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2013 में न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित किया था। इसके बाद डीआईजी ने उस पर 40 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मऊ थाना क्षेत्र के ह़टवा गांव निवासी राजबहादुर सूरत में रहता था।
गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली के दरोगा राधाकृष्ण तिवारी, मारकुंडी थाने के एसआई शेषमणि त्रिपाठी, बहिलपुरवा थाना के आरक्षी संजय यादव व रामकेश यादव रहे।