12 सीकेटीपी-14- परिचय- शिवम- फाइल फोटो- परिजन
- फोटो : सांकेतिक
सरधुआ। थाना क्षेत्र के चिल्लीमल गांव के पास गुरुवार देर शाम को हुए हादसे में हार्वेस्टर की टक्कर से साइकिल सवार बालक की जान चली गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद बालक का शव गांव पहुंचा। शव को देख परिवार में चीख चीत्कार मच गई, हालांकि बाद में गमगीन माहौल में परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। वो अपने माता-पिता का इकलौता चिराग था। उधर, इस घटना में घायल बहन व चचेरे भाई की हालत में सुधार होने पर अस्पताल से घर भेजा दिया गया। ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए हार्वेस्टर को पुलिस के सुपुर्द किया।
सरधुआ थाना क्षेत्र के चिल्लीमल गांव निवासी सज्जन ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम को वह खेत पर था। इसी बीच उसका पुत्र शिवम(8), घर से साइकिल लेकर अपनी बहन रिया (10) व चचेरे भाई दंगल (7) को लेकर खेत की ओर आ रहा था। जैसे ही वह सड़क पर पहुंचा तो सामने से धान की छंटाई करने वाले वाहन हार्वेस्टर ने साइकिल पर टक्कर मार दी। इससे रिया व दंगल तो छिटक गए लेकिन शिवम वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण पहुंचे और हार्वेस्टर को रोक लिया।इसी बीच हार्वेस्टर में मौजूद तीन लोग भाग निकले। ग्रामीणोें ने हार्वेस्टर को पुलिस के हवाले कर दिया है। शुक्रवार को नम आंखों से परिजनों व ग्रामीणों ने शिवम का अंतिम संस्कार किया। राजापुर अस्पताल में भर्ती रिया व दंगल की हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया है। शिवम कक्षा तीन का छात्र था। वो पढ़ाई में काफी होशियार था। घर आने पर उसकी इकलौती बहन अपने इकलौते भाई शिवम के बारे में सबसे पूछती रही लेकिन किसी ने उसे कुछ नहीं बताया। इससे वह गुमशुम रही।
हार्वेस्टर मालिक को भेजी जाएगी नोटिस
सरधुआ थाना प्रभारी रामसिंह ने बताया कि हार्वेस्टर को पकड़ा गया है। इस मामले में शिवम के पिता ने रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। हार्वेस्टर एक बडा वाहन है इसमें तीन चार लोग होते हैं। यह हार्वेस्टर उरई के एक निवासी का है। जांच के बाद मालिक को नोटिस भेजी जाएगी। इसके बाद जब वह बताएगा कि कौन इसे चला रहा था तो उसके नाम भी मामला दर्ज होगा।